जिम्बाब्वे दौरे पर भारत की युवा टीम हरारे स्पोर्ट्स क्लब में 3 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेगी। सीरीज का पहला मैच 23 जुलाई को आयोजित होगा, जिसके बाद 25 और 26 जुलाई को दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर दोनों टी20 सीरीज गंवाने के बाद श्रेयस अय्यर आखिरकार बतौर कप्तान भारत को पहली जीत दिलाना चाहेंगे।
कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 0-2 से गंवाई। इसके बाद इंग्लैंड के विरुद्ध 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज में भारत को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा। अय्यर ने सभी सात मैच में टॉस जीतकर महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी की, लेकिन एक भी मुकाबला अपने पक्ष में नहीं कर सके। श्रेयस इस दौरे को एक कम अनुभवी टीम के साथ आत्मविश्वास वापस पाने और लय बनाने के मौके के तौर पर देखेंगे।
इस सीरीज में गौतम गंभीर की गैर-मौजूदगी में वीवीएस लक्ष्मण भी स्टैंड-इन हेड कोच के तौर पर वापसी कर रहे हैं। टीम के संतुलन और चयन को लेकर उनके नजरिए पर सभी की निगाहें रहेंगी।