जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में तेज गेंदबाज यश ठाकुर को भारत की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। 27 वर्षीय खिलाड़ी को अशोक शर्मा की जगह अंतिम एकादश में मौका मिला है।
28 दिसंबर 1998 को कोलकाता में जन्मे यश ठाकुर घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलते हैं। अंडर-19 टीम में अपनी चमक बिखेर चुके यश ने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के एक ही संस्करण में 15 विकेट हासिल किए हैं। यश ने विदर्भ के साथ 2024/25 में रणजी ट्रॉफी जीती थी। वे पिछले 12 महीनों से इंडिया 'ए' टीम का नियमित हिस्सा रहे हैं।
गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने में माहिर यश ठाकुर डेथ ओवर स्पेशलिस्ट हैं, जिन्होंने अपने फर्स्ट क्लास करियर में 32 मैच खेले, जिसकी 57 पारियों में 27.66 की औसत के साथ 93 विकेट हासिल किए। वहीं, 57 लिस्ट-ए मुकाबलों में दाएं हाथ का यह गेंदबाज 90 विकेट अपने नाम कर चुका है। 74 टी20 मुकाबलों में उनके नाम 110 शिकार हैं।