T20 World Cup Captains: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ 'हाई-वोल्टेज मैच' के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारत के पूर्व असिस्टेंट कोच अभिषेक नायर का कहना है कि टीम को सिर्फ मैच जीतने पर ही ध्यान नहीं देना चाहिए। इंग्लैंड के मौसम का कोई भरोसा नहीं होता और यह कभी भी टूर्नामेंट का रुख बदल सकता है, इसलिए नायर ने सुझाव दिया कि भारत को ग्रुप स्टेज में बाद में होने वाली दिक्कतों से बचने के लिए शुरुआत में ही बड़ी जीत हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए।
नवंबर 2025 में वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला टीम टी20 वर्ल्ड कप में प्रबल दावेदारों में से एक के तौर पर उतर रही है। हालांकि, नॉकआउट स्टेज के लिए क्वालीफाई करना उनका पहला लक्ष्य है, लेकिन नायर ने इस बात पर जोर दिया कि बारिश से प्रभावित टूर्नामेंट में नेट रन रेट एक निर्णायक फैक्टर हो सकता है।
नायर ने 'जियोस्टार' से कहा, "भारत को मौसम का ध्यान रखना होगा। इंग्लैंड में खेलते समय बारिश हमेशा एक अहम फैक्टर होती है। मैच छोटे हो सकते हैं या बारिश की वजह से रद्द हो सकते हैं। इसलिए, वे सिर्फ जीतने का लक्ष्य नहीं रख सकते। उन्हें बड़े अंतर से जीतना होगा। नेट रन रेट यह तय कर सकता है कि कौन आगे बढ़ेगा। इसका मतलब है कि भारत को पहले बैटिंग करनी होगी, बड़ा स्कोर बनाना होगा, विरोधी टीमों को कम स्कोर पर आउट करना होगा और मैच जल्दी खत्म करने होंगे।"