भारत अगस्त 2026 में दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका का दौरा करेगा। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने गुरुवार को इसकी घोषणा की है। यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-2027 चक्र का हिस्सा होगी।
दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट मैच 15 से 19 अगस्त के बीच गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित होगा। दोनों मैच स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होंगे।
भारत और श्रीलंका के लिए यह दो मुकाबलों की सीरीज बेहद अहम है। दोनों टीमें डब्ल्यूटीसी स्टैंडिंग में ऊपर चढ़ना चाहती हैं। मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र की प्वाइंट्स टेबल में, शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम 9 मुकाबलों के बाद 48.15 के प्वाइंट्स प्रतिशत (पीसीटी) के साथ पांचवें स्थान पर है। वहीं, श्रीलंका 44.44 के पीसीटी के साथ छठे पायदान पर है।