भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने कहा है कि शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया को तीन वनडे मैचों की सीरीज में अफगानिस्तान को हल्के में नहीं लेना चाहिए। नायर का मानना है कि अफगानिस्तान वनडे सीरीज में कड़ी चुनौती पेश करेगी।
नायर ने जियोहॉटस्टार पर कहा, "वनडे सीरीज में अफगानिस्तान एक मुश्किल चुनौती होगी। उनकी व्हाइट-बॉल टीम का लगभग हर खिलाड़ी दुनिया भर में फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलता है। इससे उन्हें बहुत अनुभव मिलता है। चाहे टी20 हो या वनडे, वे आक्रामक क्रिकेट खेलते हैं। उनके गेंदबाजों में भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करने की क्षमता भी है। इसके बावजूद, दोनों टीमों की क्वालिटी में अभी भी बड़ा अंतर है।"
उन्होंने कहा, "अफगानिस्तान इस सीरीज में कम से कम दो मैच जीतने की कोशिश करेगा। अगर वे ऐसा कर पाते हैं, तो यह उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि और भारत के लिए एक बड़ा उलटफेर होगा। इसलिए, शुभमन गिल और उनकी टीम को अफगानिस्तान को हल्के में लेने की गलती नहीं करनी चाहिए।"