T20 World Cup: भारत की ऑफ-स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल ने ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी खिलाड़ी एलिस पेरी को उनके 350वें इंटरनेशनल मुकाबले में आउट किया। इसे श्रेयंका ने 'बहुत खास' पल बताया है। शनिवार को पेरी इस टी20 मैच में सिर्फ 1 ही रन बना सकीं। भारत ने मैच 17 रन से जीतकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
श्रेयंका ने इस मुकाबले में 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 22 रन देकर 3 विकेट निकाले। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 176 रन बनाए, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 9 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी। इस नतीजे का मतलब यह भी था कि भारत को 10 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में महिलाओं की टी20 सीरीज जीतने का मौका मिला। इससे पहले भारत ने 2015/16 में ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर 2-1 से टी20 सीरीज अपने नाम की थी। इसके बाद उसे 2019/20 और 2021/22 में शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
श्रेयंका ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "जब मैं अपने हाथों को एक खास तरीके से चलते हुए देखती हूं, तो मुझे एक तरह का आत्मविश्वास मिलता है। आज मुझे ऐसा महसूस हुआ, और वह विकेट (पेरी का विकेट) लेने से आपका आत्मविश्वास जरूर बढ़ेगा। असल में जिस चीज ने मुझे ज्यादा खुश किया, वह उनका विकेट लेना था, और इससे मुझे बहुत खास महसूस हुआ क्योंकि यह उसका 350वां मैच था। इसे एलिस पेरी और मैं पक्का याद रखेंगे।"