भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट हो या आईपीएल, अभिषेक के खेलने का अंदाज एक समान रहता है। टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में विस्फोटक अर्धशतक लगाकर भारत को चैंपियन बनाने में अपना खास योगदान देने वाले अभिषेक की नजर अब आईपीएल 2026 पर है। 28 मार्च से शुरू हो रहे अगले सीजन में अभिषेक के नाम एक खास उपलब्धि जुड़ सकती है।
अभिषेक शर्मा 2019 से एसआरएच की तरफ से खेल रहे हैं। साल-दर-साल लगातार उनका ग्राफ बढ़ता गया है। आईपीएल 2025 तक एसआरएच के लिए अभिषेक ने 74 मैचों में 96 छक्के लगाए हैं। आईपीएल 2026 में 4 छक्के और लगाते ही अभिषेक के एसआरच की तरफ से 100 छक्के पूरे हो जाएंगे और ऐसा करने वाले वह टीम के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज होंगे।
एसआरएच के लिए 100 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज पूर्व कप्तान और 2016 में टीम को चैंपियन बनाने वाले दिग्गज खिलाड़ी डेविड वॉर्नर हैं। वॉर्नर ने 2014 से 2021 के बीच एसआरएच के लिए 95 मैचों में 143 छक्के लगाए हैं।