Year Ender: 'आईपीएल 2026' में रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) खिताब का बचाव करने उतरेगी। पिछले सीजन आरसीबी ने 18 साल का सूखा खत्म करते हुए पहली बार ट्रॉफी को अपने नाम किया था। आरसीबी की टीम इस बार भी काफी संतुलित नजर आ रही है।
विराट कोहली और फिल साल्ट की सलामी जोड़ी आईपीएल 2025 में छाप छोड़ने में सफल रही थी। कोहली ने 15 मुकाबलों में 657 रन बनाए थे, जबकि साल्ट भी टीम को ताबड़तोड़ शुरुआत देने में सफल रहे थे। देवदत्त पडिक्कल की हालिया फॉर्म भी काफी शानदार रही है। इसके साथ ही रजत पाटीदार नंबर चार की बैटिंग पोजीशन पर अपने रोल को बखूबी निभाते हैं। वेंकटेश अय्यर के आने से टीम का बैटिंग ऑर्डर अब और भी संतुलित दिख रहा है। क्रुणाल पांड्या ने पिछले सीजन बैट-बॉल दोनों से अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में क्रुणाल से एक बार फिर दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
फिनिशर के तौर पर आरसीबी के पास टिम डेविड, जितेश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड मौजूद हैं। डेविड ने आईपीएल 2025 में कुछ दमदार पारियां खेली थीं। वहीं, जितेश भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे। टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे जितेश के पास खुद को साबित करने का इस सीजन शानदार मौका होगा।