Indian Premier League: कप्तान रियान पराग की शानदार पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 43वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को जीत के लिए 226 रन का टारगेट दिया है। आरआर की कोशिश इस मैच को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरा पायदान हासिल करने की होगी।
मुकाबले में टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स के 24 वर्षीय कप्तान रियान पराग ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। शुरुआत में कप्तान का यह निर्णय गलत साबित होता नजर आया। मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले यशस्वी जायसवाल (6) तीसरी गेंद पर अपना कैच गेंदबाज मिचेल स्टार्क को थमा बैठे।
अगले ओवर की पांचवीं गेंद पर टीम ने वैभव सूर्यवंशी का विकेट भी खो दिया, जो महज एक चौका लगाकर पवेलियन लौट गए। टीम ने 1.5 ओवरों तक 12 के स्कोर पर अपने 2 विकेट खो दिए थे। यहां से कप्तान रियान पराग ने ध्रुव जुरेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 102 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 114 के स्कोर तक पहुंचा दिया। जुरेल 30 गेंदों में 1 छक्का और 4 चौकों के साथ 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे।