T20 World Cup: देवाल्ड ब्रेविस जल्द चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की ओर से खेलते नजर आ सकते हैं। सीएसके के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा है कि देवाल्ड ब्रेविस मैच के लिए तैयार होने से ज्यादा दूर नहीं हैं। उनका मानना है कि यह बल्लेबाज 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ घरेलू मैच के लिए उपलब्ध रहेगा।
रविवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मैच के दौरान फ्लेमिंग ने कहा, "हमें उम्मीद है कि वह (देवाल्ड ब्रेविस) अगले मुकाबले के लिए पूरी तरह ठीक हो जाएंगे। अगले मैच के बीच हमारे पास पांच दिन हैं। हम सावधानी बरत रहे हैं और उम्मीद है कि ये अगले पांच दिन हमारी योजना के मुताबिक ही गुजरेंगे। वह खेलने के लिए तैयार हो जाएंगे। पिछले मुकाबलों में उनकी गैरमौजूदगी एक बड़ा नुकसान है, लेकिन हम उन्हें वापस टीम में लाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"
देवाल्ड ब्रेविस आईपीएल 2025 में बतौर रिप्लेसमेंट खिलाड़ी चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए थे, लेकिन 6 पारियों में 180 की स्ट्राइक रेट के साथ 225 रन बनाकर टीम के लिए कीमती साबित हुए। उन्होंने 125 गेंदों में 17 छक्के लगाए थे। इसके बाद आईपीएल 2026 में फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन किया।