भारत के पूर्व बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने उम्मीद जताई है कि आईपीएल 2026 एमएस धोनी का बतौर खिलाड़ी चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से आखिरी साल हो सकता है। उथप्पा के अनुसार, चेन्नई को संजू सैमसन के आने के बावजूद कप्तान के तौर पर ऋतुराज गायकवाड़ पर ही भरोसा बनाए रखना चाहिए।
44 साल की उम्र में एमएस धोनी आईपीएल के 19वें सीजन में खेलेंगे। उथप्पा ने 'जियोस्टार' के साथ बात करते हुए कहा, "मुझे नहीं लगता कि चेन्नई सुपर किंग्स को कप्तानी की जिम्मेदारी संजू सैमसन को सौंपनी चाहिए। आपको ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान के तौर पर जमने के लिए समय देना होगा। वह 2024 से टीम की कप्तानी कर रहे हैं। लोग चाहे कुछ भी कहें, वह एमएस धोनी की परछाई से बाहर निकल रहे हैं।"
उथप्पा ने आगे कहा, "आप चाहते हैं कि ऋतुराज धोनी की परछाई से पूरी तरह से बाहर निकलें और अपनी खुद की पहचान बनाएं। आप देखना चाहते हैं कि वह क्या कर सकते हैं। आप चाहते हैं कि जब धोनी न खेल रहे हों, तो वह टीम की कप्तानी करें और अपने दम पर खड़े हों, बिना उस भारीपन के कि वह हमेशा किसी और की ऊर्जा के साए में हैं। इसी वजह से मुझे लगता है कि आप धोनी को थोड़ा कम दखल देते हुए देख सकते हैं।"