New Delhi: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के हेड कोच हेमांग बदानी ने बताया है कि फ्रेंचाइजी ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के आने का इंतजार कर रही है। इसके साथ ही डीसी को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) से नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) मिलने का भी इंतजार है।
36 वर्षीय स्टार्क को दिल्ली कैपिटल्स की तेज गेदबाजी का मुख्य हथियार माना जा रहा था, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक वह आईपीएल 2026 का कम से कम शुरुआती दौर मिस करेंगे, क्योंकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एक व्यस्त इंटरनेशनल सीजन से पहले उनके वर्कलोड पर नजर रखे हुए है। उनकी गैरमौजूदगी का मतलब होगा कि डीसी को अपनी गेंदबाजी योजनाओं में बदलाव करना होगा।
स्टार्क पिछले सीजन में फ्रेंचाइजी के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे, जिन्होंने 11 मुकाबलों में 14 विकेट निकाले। डीसी ने 2025 के एडिशन से पहले नीलामी में उन्हें 11.75 करोड़ रुपए में खरीदकर टीम में बनाए रखा था।