Indian Premier League: गुजरात टाइटंस (जीटी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 42वां मैच खेला जा रहा है, जिसमें जीटी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। आरसीबी की निगाहें इस मैच को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष में पहुंचे पर होंगी। दोनों ही टीमों ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई फेरबदल नहीं किया है।
आरसीबी इस सीजन 8 में से 6 मुकाबले अपने नाम कर चुकी है। यह टीम फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है। वहीं, जीटी 8 में से 4 मैच गंवाकर पांचवें स्थान पर है। अगर टाइटंस इस मुकाबले को अपने नाम करती है, तो भी यह टीम प्वाइंट्स टेबल में पांचवें ही स्थान पर रहेगी, क्योंकि शीर्ष 4 टीमें 6-6 मुकाबले अपने नाम कर चुकी हैं।
टॉस जीतने के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। पिच पर शुरुआती 4-5 ओवरों में गेंद स्विंग होती है। अगर ओस पड़ती है, तो हम लक्ष्य का पीछा करना चाहेंगे। ये दो मैच तय करेंगे कि हम टूर्नामेंट में कितनी दूर तक जाएंगे। वे अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं, और वे मौजूदा चैंपियन हैं। टीम का माहौल काफी अच्छा है। हमारी टीम में कोई बदलाव नहीं है।"