आईपीएल 2026 का फाइनल रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच शाम 7:30 से खेला जाना है। आरसीबी और जीटी दोनों ही टीमें अपना दूसरा खिताब जीतने के लिए कमर कस चुकी हैं। जीटी अपने घरेलू मैदान में खेलेगी, इसलिए उनके समर्थन में फैंस बड़ी संख्या में स्टेडियम में पहुंचेंगे, जबकि आरसीबी सर्वाधिक लोकप्रिय टीमों में से एक है। आरसीबी फैन पूरे देश में फैले हैं और इस टीम के दूसरे खिताब की दुआ कर रहे हैं।
हमीरपुर से भाजपा सांसद और पूर्व कैबिनेट मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आज नरेंद्र मोदी स्टेडियम—जो दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम है—में IPL फाइनल के साथ अपने चरम पर पहुंच रही है। हम दो ऐसी टीमों के बीच एक कड़े मुकाबले को देखने के लिए तैयार हैं, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार और लगातार प्रदर्शन किया है। जो टीम सबसे अच्छी खेले, वही जीते—मैं तो बस यही कह सकता हूं। स्टेडियम में बहुत भीड़ है और पांव रखने की जगह नहीं है।"
महाराष्ट्र सरकार में मत्स्य पालन और बंदरगाह विकास मंत्री नितेश राणे ने पत्रकारों से कहा, "हमारे देश में क्रिकेट की बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है। इसीलिए हम अपने परिवार के साथ आईपीएल मैच का मजा लेने नरेंद्र मोदी स्टेडियम आए हैं। गुजरात में होने के नाते, मैं यह नहीं कह सकता कि आरसीबी ही जीतेगी।"