आईपीएल 2026 की शुरुआत में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की सबसे बड़ी परेशानी रिंकू सिंह की खराब फॉर्म थी। रिंकू टीम की मध्यक्रम बल्लेबाजी की जान हैं। उनकी असफलता की वजह से टीम को लगातार मैचों में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन पिछले कुछ मैचों से इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने बेहतरीन बल्लेबाजी की है और कई मैचों में टीम को जीत दिलाया है। केकेआर के हेड कोच अभिषेक नायर ने बुधवार को रायपुर में हुए मैच के बाद रिंकू सिंह के फॉर्म में लौटने के पीछे की तैयारी के बारे में बताया।
आरसीबी-केकेआर मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक नायर ने कहा, "जब हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं चल रहा था, तब हमने एक चीज आजमाई - खिलाड़ियों का आत्मविश्वास वापस लाने के लिए सेंटर-विकेट पर खूब अभ्यास करवाया। वरुण (चक्रवर्ती) और रिंकू, दोनों के साथ हमने यही किया, क्योंकि वे हमारी टीम के दो बहुत ही अहम खिलाड़ी हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। दोनों के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए गए। रिंकू के मामले में हमने उन्हें पिच के बीच में ज्यादा से ज्यादा समय बिताने का मौका दिया।"
नायर ने कहा, "अगर आपने गौर किया हो, तो रिंकू का शुरुआती मूवमेंट बदल गया है। अब वह पहले के मुकाबले पिच पर थोड़ा ज्यादा आगे की ओर चलकर खेलते हैं। हमने सोचा कि शायद इस बदलाव से उन्हें मदद मिल सकती है। उन्होंने पहले कभी ऐसा नहीं किया था। हमने इसे उनकी बैटिंग में शामिल किया। इससे उन्हें फायदा हुआ। जब हम इन खिलाड़ियों को वापस फॉर्म में लाने की कोशिश कर रहे थे, तब पर्दे के पीछे बहुत मेहनत चल रही थी, क्योंकि यह काम इतना आसान नहीं होता।"