Indian Premier League: आईपीएल 2026 में शुक्रवार को बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच एक रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच के हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे। वैभव ने अपनी धुआंधार पारी के दम पर आरआर को आरसीबी पर बड़ी जीत दिलायी और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता। वैभव ऑरेंज कैप होल्डर भी हो गए हैं।
प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार लेते हुए वैभव सूर्यवंशी ने कहा, "बल्लेबाजी के दौरान मैं वही करने की कोशिश करता हूं, जो अभ्यास में करता हूं। मेरा काम नेचुरल गेम पर ध्यान देना होता है। बल्लेबाजी के दौरान मैं सिर्फ गेंद को देखता हूं, गेंदबाज को नहीं, अब गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हों या फिर जोश हेजलवुड। गेंद जैसी होती है, उसी तरह की शॉट खेलता हूं।"
आउट होने के बाद होने वाली निराशा पर वैभव ने कहा, "अगर मैं विकेट पर टिका रहता हूं तो लक्ष्य सेट करते समय 10-20 रन ज्यादा बन सकते हैं। वहीं, लक्ष्य का पीछा करते समय 2 ओवर पहले जीत सकते हैं। मैं अगर कोई गलत शॉट खेलकर आउट होता हूं, तो टीम का इससे नुकसान होता है और इसी वजह से मैं निराश होता हूं।"