आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत रविवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) से होगी। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में एमआई इस सीजन में मिली आरसीबी के खिलाफ हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने आईपीएल 2026 में अब तक 10 मुकाबले खेले हैं। इसमें से टीम को 6 में जीत मिली है, तो 4 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। बल्लेबाजी में विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने टॉप ऑर्डर में अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि, आरसीबी को चोटिल फिल साल्ट की कमी जरूर खली है।
रजत ने भी लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 31 गेंदों में 61 रनों की दमदार पारी खेली थी। टिम डेविड ने बतौर फिनिशर अपने काम को बखूबी अंजाम दिया है। वहीं, गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की जोड़ी ने बल्लेबाजों को खासा परेशान किया है। हालांकि, सुयश शर्मा की हालिया फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय जरूर बनी हुई है।