T20 World Cup: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (आईपीएल 2026) और पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल 2026) का आयोजन एक ही अवधि में होता है, लेकिन जब बात क्षमता, कमाई, लोकप्रियता और प्रभाव की आती है तो आईपीएल और पीएसएल में जमीन-आसमान का फर्क है। यही वजह है कि पीएसएल का अनुबंध होने के बावजूद खिलाड़ी आईपीएल को प्राथमिकता देते हैं।
इस बार भी कई खिलाड़ियों ने पीएसएल की जगह आईपीएल को प्राथमिकता दी है। जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी, श्रीलंका के दसुन शनाका, ऑस्ट्रेलिया के स्पेंसर जॉनसन और वेस्टइंडीज के गुडाकेश मोती वे खिलाड़ी हैं जिन्होंने पीएसएल 2026 का कॉन्ट्रैक्ट छोड़ा और आईपीएल में शामिल हो गए।
मुजरबानी, जिन्होंने जिम्बाब्वे के लिए 89 टी20 मैच खेले हैं, वेस्टइंडीज के स्टार गेंदबाज शमार जोसेफ की जगह 11 मिलियन पाकिस्तानी रुपये में पीएसएल की टीम इस्लामाबाद यूनाइटेड में शामिल हुए थे, लेकिन मुजरबानी ने इस्लामाबाद यूनाइटेड छोड़ दिया और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम में शामिल हो गए। मुजरबानी ने केकेआर में मुस्तफिजुर रहमान की जगह ली, जिन्हें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देशों के बाद टीम से रिलीज कर दिया गया था।