Indian Premier League: पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 40वां मुकाबला खेला जाना है। मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले को जीतकर पीबीकेएस प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहेगी।
पंजाब किंग्स इस सीजन की सबसे बेहतरीन टीमों में से एक रही है। उन्होंने लक्ष्य का पीछा करने की अपनी काबिलियत और लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर अपने शुरुआती 7 मैचों में से 6 में जीत हासिल की है, जबकि एक मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था।
इसके विपरीत, राजस्थान रॉयल्स को अपनी लय बनाए रखने में काफी संघर्ष करना पड़ा है, लगातार खराब प्रदर्शन के कारण वे प्वाइंट्स टेबल में नीचे खिसक गए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली हार के बाद टीम को यह मुकाबला अपने नाम करना होगा।