IPL Qualifier: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। आरसीबी ने मंगलवार को क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटंस (जीटी) के विरुद्ध 92 रन से दमदार जीत दर्ज की।
इस हार के बावजूद जीटी के पास फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए एक और मौका होगा। यह टीम 29 मई को क्वालीफायर-2 में एलिमिनेटर मैच की विजेता टीम के खिलाफ उतरेगी। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम फाइनल का अंतिम टिकट हासिल करेगी।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी आरसीबी ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 254 रन बनाए। इस टीम को 21 के स्कोर पर वेंकटेश अय्यर (19) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 72 रन जोड़कर टीम को 93 के स्कोर तक पहुंचाया।