आईपीएल 2026 में शनिवार को न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच एक रोमांचक और जोरदार मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में पंजाब किंग्स अपनी जीत की लय को बरकरार रखने के लक्ष्य के साथ उतरेगी, तो एसआरएच जीत की पटरी पर लौटने की कोशिश करेगी।
पंजाब किंग्स और एसआरएच के बीच होने वाले मुकाबले में अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह के प्रदर्शन पर क्रिकेट फैंस की नजर रहेगी। पंजाब की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले दोनों खिलाड़ी आईपीएल में प्रतिद्वंदी हैं। अभिषेक शर्मा जहां एसआरएच की तरफ से बल्लेबाजी की शुरुआत करते हैं, तो अर्शदीप पंजाब किंग्स की तरफ से गेंदबाजी की शुरुआत करते हैं।
एसआरएच और पंजाब किंग्स के बीच अब तक हुए मैचों में, दोनों टीमों में शामिल मौजूदा खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा रन और विकेट अभिषेक और अर्शदीप के नाम हैं। अभिषेक शर्मा ने 7 मैचों में 52.33 की औसत और 196.25 की स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए हैं। सर्वाधिक स्कोर 141 है। वहीं, अर्शदीप सिंह ने 11 मैचों में 15 विकेट लिए हैं।