IPL Qualifier: आईपीएल 2026 का चौथा मुकाबला पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मंगलवार को खेला जाना है। पंजाब ने पिछले सीजन फाइनल तक का सफर तय किया था। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इस सीजन भी दमदार प्रदर्शन करना चाहेगी। आइए आपको पंजाब के उन 5 खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो इस मुकाबले में गुजरात के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हो सकते हैं।
प्रियांश आर्या: प्रियांश आर्या ने आईपीएल 2025 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। प्रियांश पावरप्ले में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। प्रियांश ने पिछले सीजन खेले 17 मुकाबलों में 179 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 475 रन बनाए थे। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने टूर्नामेंट में एक शतक और दो अर्धशतक लगाए थे। प्रियांश अगर लय में नजर आए, तो गुजरात के गेंदबाजी अटैक की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।
श्रेयस अय्यर: पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए पिछले सीजन बतौर बल्लेबाज लाजवाब रहा था। अय्यर ने 17 मुकाबलों में 175 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 604 रन बनाए थे। श्रेयस को नंबर तीन की पोजीशन रास आई थी। अय्यर पारी को बुनने के साथ-साथ तेजी से रन भी बटोर सकते हैं। यही कारण है कि वह गुजरात के लिए इस मुकाबले में सबसे बड़ा सिरदर्द बन सकते हैं।