Indian Premier League 2026- Qualifier 2 - GT vs RR (Image Source: IANS)
Indian Premier League: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में इतिहास रचते हुए ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। महज 15 साल और 65 दिन की उम्र में उन्होंने यह उपलब्धि अपने नाम कर ली।
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन 16 पारियों में 776 रन बनाए। फाइनल में गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल और उनके साथी बल्लेबाज साई सुदर्शन इस आंकड़े को पार नहीं कर सके, जिसके बाद सूर्यवंशी के नाम ऑरेंज कैप पक्की हो गई।
राजस्थान रॉयल्स का सफर क्वालीफायर-2 में समाप्त हो गया था, लेकिन तब तक सूर्यवंशी इतने रन बना चुके थे कि कोई भी बल्लेबाज उन्हें पीछे नहीं छोड़ पाया। गिल ने टूर्नामेंट का समापन 732 रन के साथ किया, जबकि पिछले सीजन के ऑरेंज कैप विजेता साई सुदर्शन 722 रन ही बना सके।