New Chandigarh: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 47 रनों से हराया। आरआर की जीत के नायक वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने 29 गेंदों में 97 रनों की आतिशी पारी खेली।
15 वर्षीय बल्लेबाज ने अपनी इस तूफानी पारी के साथ ही ऑरेंज कैप को भी अपने नाम कर लिया है। वैभव ने साई सुदर्शन की बादशाहत को खत्म कर दिया है। वैभव आईपीएल 2026 में खेले 15 मुकाबलों में 45 की औसत और 242 के स्ट्राइक रेट से 680 रन बना चुके हैं। वहीं, गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज सुदर्शन 652 रनों के साथ दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। एलिमिनेटर मैच में सिर्फ 18 रन बनाने वाले सनराइजर्स हैरदाबाद के विकेटकीपर-बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन इस सीजन सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में 624 रनों के साथ तीसरे नंबर पर काबिज हैं।
वहीं, गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल 14 मुकाबलों में 618 रन बनाकर लिस्ट में चौथे नंबर पर काबिज हैं। एसआरएच के बल्लेबाज ईशान किशन 15 मुकाबलों में 602 रन बनाकर पांचवें स्थान पर मौजूद हैं। वहीं, विराट कोहली 15 मुकाबलों में 600 रनों के साथ छठे नंबर पर हैं, जबकि केएल राहुल 593 रन बनाने के बाद सातवें स्थान पर हैं।