आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले वैभव सूर्यवंशी से पूछा गया था कि सीजन में कितने रन बनाएंगे। वैभव ने कहा था कि ऐसा कुछ सोचा नहीं है, लेकिन जितना अच्छा प्रदर्शन हो सके, करने की कोशिश करुंगा। वैभव ने आईपीएल 2026 में अपनी टीम राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को निराश नहीं किया है। आरआर अगर प्लेऑफ में पहुंचने की दावेदार के रूप में नजर आ रही है, तो इसमें वैभव की बड़ी भूमिका है।
मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जयपुर में खेले गए मुकाबले में वैभव 38 गेंदों पर 93 रन की पारी खेल न सिर्फ अपनी टीम को चौथे स्थान पर ले आए, बल्कि एक बार फिर सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए और ऑरेंज कैप अपने नाम कर लिया। आइए देखते हैं कि आरआर और एलएसजी मैच के बाद सीजन के शीर्ष-5 बल्लेबाज कौन-कौन हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने 13 मैचों की 13 पारियों में 1 शतक और 3 अर्धशतक लगाते हुए 579 रन बनाए हैं। वह फिलहाल सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और ऑरेंज कैप उन्हीं के पास है। सीजन में वैभव ने 50 चौके और 53 छक्के लगाए हैं। वह इस सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले, साथ ही किसी भी एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।