इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह को लेकर बड़ी डील पूरी हो गई है। इस समझौते के तहत तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) में शामिल होंगे, जबकि भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस (एमआई) का हिस्सा बनेंगे।
हालांकि, आधिकारिक घोषणा से पहले इस डील को औपचारिक मंजूरी मिलना अभी बाकी है। एक सूत्र ने शनिवार को 'आईएएनएस' को बताया, "हां, इस ट्रेड के लिए शुरुआती कागजी कार्रवाई पूरी हो चुकी है। अब इसे बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल से औपचारिक मंजूरी मिलनी है, जिसके बाद अंतिम रकम के साथ इसकी घोषणा की जा सकती है।"
आईएएनएस ने 3 नवंबर को ही रिपोर्ट दी थी कि 17 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन से पहले, श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पीबीकेएस ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) जैसी अन्य टीमों को पीछे छोड़ते हुए हार्दिक पंड्या को अपनी टीम में शामिल करने की बाजी मार ली है।