इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 के लिए मिनी ऑक्शन का आयोजन 16 दिसंबर को गोवा में होने की संभावना है। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। हालांकि,टीम मालिकों और सीईओ को अभी तक ई-मेल के जरिए कोई औपचारिक सूचना नहीं भेजी गई है, लेकिन कई टीमों और ब्रॉडकास्ट से जुड़े सूत्रों ने पुष्टि की है कि नीलामी 16 दिसंबर को होने की संभावना है।
यह भी पता चला है कि शुरुआत में नीलामी 14 दिसंबर को कराने की चर्चा थी। सूत्रों ने आगे बताया "हां, बीसीसीआई ने सभी 10 टीमों के प्रतिनिधियों को व्हाट्सएप पर एक संदेश भेजा है, जिसमें बताया गया है कि नीलामी 16 दिसंबर को होगी, और उससे एक दिन पहले 15 दिसंबर को नीलामी से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। वे बस यह जानना चाहते थे कि सभी 10 टीमों से कितने लोग नीलामी में शामिल होंगे, ताकि आईटीसी ग्रैंड होटल में उनके लिए जल्द से जल्द बुकिंग की जा सके।"
एक ओर 16 दिसंबर को आईपीएल 2027 की संभावित मिनी नीलामी है, तो दूसरी तरफ उसी दिन बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे मैच भी खेला जाना है।