इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए आयरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम का शॉर्ट-टर्म कंसल्टेंट नियुक्त किया गया है। पांच मुकाबलों की यह सीरीज 5-14 अगस्त के बीच खेली जाएगी।
45 वर्षीय ट्रॉट अफगानिस्तान के पूर्व हेड कोच हैं। वह अगले हफ्ते से शुरू होने वाली 14 दिन की कंसल्टेंसी के लिए आयरलैंड से जुड़ेंगे। ट्रॉट की भूमिका टीम को वनडे सीरीज की तैयारी में मदद करने और अफगानिस्तान के खिलाफ शुरुआती दो मुकाबलों के दौरान सलाह देने पर केंद्रित होगी। यह सीरीज 2027 की शुरुआत में होने वाले आईसीसी मेंस वर्ल्ड कप क्वालीफायर के लिए आयरलैंड की तैयारी का एक अहम हिस्सा है।
ट्रॉट ने 2007 से 2015 के बीच इंग्लैंड के लिए 52 टेस्ट, 68 वनडे और 7 टी20 मैच खेले। उन्हें 2022 में अफगानिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया था, जो फरवरी 2026 तक इस भूमिका में रहे। ट्रॉट ने आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2017 में इंग्लैंड के साथ काम किया। इसके अलावा, वार्विकशायर में बतौर असिस्टेंट कोच काम किया। उन्होंने केंट और स्कॉटलैंड के साथ कोचिंग की भूमिकाएं निभाई हैं।