भारतीय शूटिंग के दिग्गज और कोच जसपाल राणा के निधन पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने दुख व्यक्त किया।
बताया जा रहा है कि जर्मनी के म्युनिख में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप से जब वह भारतीय दल के साथ स्वदेश लौट रहे थे। उसी दौरान फ्लाइट में अचानक उनका स्वास्थ्य खराब हो गया। जिसके बाद शुक्रवार को दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उन्होंने 49 साल की आयु में अंतिम सांस ली।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,'' जसपाल राणा जी के निधन की खबर बहुत दुखद है। वह एक जाने-माने शूटर थे, जिनके शानदार प्रदर्शन ने देश का नाम रोशन किया। ग्लोबल शूटिंग कॉम्पिटिशन में कई मेडल जीतने वाले राणा ने खुद को भारतीय खेलों के एक आइकॉन के तौर पर स्थापित किया। एक एथलीट और मेंटर के तौर पर, उन्होंने युवा टैलेंट को निखारकर एक स्थायी योगदान दिया। उनका समर्पण, अनुशासन और बेहतरीन काम करने की प्रतिबद्धता आने वाली कई पीढ़ियों के खिलाड़ियों को प्रेरित करती रहेगी। मैं उनके परिवार, दोस्तों और खेल समुदाय के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।''