भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवां टी20 मुकाबला हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 191 रन बनाए।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए। संजू सैमसन 10 गेंदों का सामना करने के बाद 4 रन बनाकर आउट हुए। 19 के स्कोर पर 2 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी भारतीय टीम को ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने उबारा। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए महज 43 गेंदों में 93 रनों की साझेदारी निभाई।
ईशान किशन बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने अपना अर्धशतक महज 28 गेंदों में पूरा किया। ईशान ने 32 गेंदों का सामना करते हुए 61 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और पांच छक्के लगाए। वहीं, अय्यर ने 22 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। वह 23 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके और सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुए।