भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को रायपुर में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए पहले टी20 मुकाबले को 4 विकेट से जीत लिया। अपना डेब्यू कर रही निकी प्रसाद ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। दिग्गज ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने निकी के आत्मविश्वास की प्रशंसा की है।
मैच के बाद दीप्ति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "निकी ने बहुत अच्छा खेला। ईमानदारी से कहूं तो, ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि वह अपना डेब्यू कर रही हैं। ऐसा लगा जैसे उन्होंने देश के लिए पहले भी काफी मैच खेले हैं। एक युवा खिलाड़ी का यह कॉन्फिडेंस कमाल का है – आप टीम को जरूरत पड़ने पर पार्टनरशिप बना रहे हैं, मुश्किल हालात से मैच जीत रहे हैं। मुझे यकीन है कि वह इस मैच से बहुत कॉन्फिडेंस लेगी।"
भारतीय टीम को जीत के लिए जिम्बाब्वे ने 115 रन का लक्ष्य दिया था। टीम इंडिया 19 रन पर अपने 4 शीर्ष विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। यहां से निकी प्रसाद ने दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और छठे विकेट के लिए 63 गेंदों पर 82 रन की साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित की।