West Indies Fifth T20I: भारत के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने कहा कि टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच ट्रॉफी साझा करना एक कड़े मुकाबले वाली सीरीज का बिल्कुल सही अंत है। उन्होंने तर्क दिया कि अगर विजेता तय करने के लिए मैच को घटाकर 9 ओवर का कर दिया जाता, तो यह फैसला करने का एक अनुचित तरीका होता।
शनिवार को बेंगलुरु में खेले गए सीरीज का आखिरी और निर्णायक मैच बारिश की भेंट चढ़ा। मुकाबले में सिर्फ 7.4 ओवर का ही खेल हो सका। लगातार होती तेज बारिश के चलते आखिर में अंपायर्स को मैच को रद्द करने का फैसला लेना पड़ा। इसके साथ ही, दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई।
नायर ने 'जियोस्टार' से कहा, "जिस तरह से यह सीरीज आगे बढ़ी है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि 2-2 का नतीजा बिल्कुल सही है, क्योंकि दोनों टीमों ने बहुत अच्छा क्रिकेट खेला। ट्रॉफी किसके पास जाएगी अगर यह तय करने के लिए मैच को 9 ओवर का कर दिया जाता, तो यह इस सीरीज के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण होता।"