T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को साउथ अफ्रीका का सामना जिम्बाब्वे के साथ होगा। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले की मेजबानी अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम करेगा। साउथ अफ्रीका सुपर-8 राउंड के अपने पहले दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। वहीं, वेस्टइंडीज और भारत के खिलाफ मिली हार के बाद जिम्बाब्वे अंतिम चार में पहुंचने की रेस से बाहर हो गया है।
साउथ अफ्रीका का प्रदर्शन इस विश्व कप में कमाल का रहा है। ग्रुप स्टेज के सभी मुकाबले जीतने के बाद टीम ने अपनी इसी फॉर्म को सुपर-8 राउंड में भी बरकरार रखा है। दूसरे दौर के पहले मैच में प्रोटियाज टीम ने भारत को 76 रनों से हराया था। वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम ने 9 विकेट से जीत दर्ज की थी। बल्लेबाजी में कप्तान एडेन मार्करम शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। मार्करम 6 मैचों में 178 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 264 रन बना चुके हैं।
वहीं, क्विंटन डी कॉक और रयान रिकेल्टन के बल्ले से भी लगातार रन निकल रहे हैं। डी कॉक ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए आखिरी मुकाबले में 24 गेंदों में 47 रनों की तेज तर्रार पारी खेली थी, जबकि रिकेल्टन ने सिर्फ 28 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए थे। गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी 5 मुकाबलों में 11 विकेट निकाल चुके हैं। केशव महाराज की घूमती गेंदों ने भी बल्लेबाजों को काफी तंग किया है।