22 वर्षीय बल्लेबाज आयुष पांडे इंडिया 'ए' टीम में जगह बनाने वाले छत्तीसगढ़ के पहले क्रिकेटर हैं, जिन्हें श्रीलंका-ए के खिलाफ 25 जून से 5 जुलाई तक आयोजित होने वाली 2 चार दिवसीय टेस्ट मुकाबलों की सीरीज के लिए चुना गया है।
टीम में चयन से खुश आयुष पांडे ने मंगलवार को 'आईएएनएस' के साथ बातचीत में कहा, "यह मेरे लिए बेहद गर्व का पल है, क्योंकि मुझे देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। मैं जिसके लिए मेहनत करता था, उसके लिए मौका मिला है। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा।"
युवा बल्लेबाज ने बताया कि भारत के लिए खेलना उनका हमेशा से सपना रहा है। उन्होंने कहा, "मैंने जब से क्रिकेट खेलना शुरू किया, तभी से भारत की तरफ से खेलने का मौका पाने के लिए मेहनत कर रहा हूं। परिवार ने शुरू से ही मुझे सपोर्ट किया है। परिवार ने मुझ पर कोई दबाव नहीं डाला और प्रैक्टिस के लिए काफी प्रोत्साहित किया। मुझे आगे भी बहुत मेहनत करनी है। हमेशा कोशिश रहेगी कि जो मुझे मौका मिले उसमें अपना शत प्रतिशत दूं।"