चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के नए हेड कोच जहीर खान ने शुक्रवार को कहा कि पांच बार की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) चैंपियन टीम की कमान संभालना एक सम्मान की बात है, जिसके साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। उन्होंने कहा कि पूर्व कोच स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेना रोमांचक और चुनौतीपूर्ण काम होगा।
भारत के बाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर को सोमवार को आईपीएल 2027 के लिए सीएसके का नया हेड कोच नियुक्त किया गया। उनका पहला काम इस साल दिसंबर में गोवा में होने वाले मिनी ऑक्शन के लिए रणनीति बनाना होगा।
जहीर ने शुक्रवार को फ्रेंचाइजी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर कहा, "मुझे लगता है कि यह एहसास अभी मुझमें उतर रहा है। फैंस और शुभचिंतक मुझे बहुत प्यार और स्नेह दे रहे हैं। मैं अपने क्रिकेट करियर के इस खास अध्याय का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। यह बहुत संतोषजनक भी है और साथ ही जिम्मेदारियों का दबाव भी महसूस हो रहा है, क्योंकि हम सीएसके की बात कर रहे हैं, है ना?"