भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने कहा है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में नंबर 5 पर उनकी भूमिका मैच की स्थिति को समझने और टीम की जरूरत के हिसाब से खेलने पर निर्भर करेगी।
हैमिल्टन में तीसरा वनडे बारिश की भेंट चढ़ जाने के बाद भारत 5 मैचों की इस सीरीज में 2-0 से आगे है। किशन ने मैच से पहले ब्रॉडकास्टर्स के साथ बातचीत में कहा, "वनडे 50 ओवर का खेल होता है। इसमें आपको साझेदारियों की जरूरत होती है। जब आप क्रीज पर हों, तो आपको ज्यादा से ज्यादा समय तक टिके रहना चाहिए। इससे आप अपनी टीम के लिए रन बना पाएंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि वनडे में आपका व्यक्तिगत प्रदर्शन भी टीम की मदद करता है। टी20 में आप आते हैं और अपने शॉट्स खेलते हैं, जो काफी आसान होता है। मगर जब आप निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हैं - जैसे कि मैं यहां नंबर 5 पर बल्लेबाजी करूंगा - तो आपको मैच की स्थिति को समझना होता है कि उस समय क्या जरूरी है। क्या आपको साझेदारी बनाने की आवश्यकता है या स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाने की? इसी कारण यह सब स्थिति को समझने और उसी के अनुसार खेलने के बारे में है।"