भारत और आयरलैंड के बीच 2 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार को खेला जाना है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी इस मैच से अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की शुरुआत कर सकते हैं। डेब्यू करते ही वैभव सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर भारतीय पुरुष टीम के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे।
वैभव सूर्यवंशी को भारतीय सीनियर टीम के लिए डेब्यू करते हुए देखने का उत्साह सिर्फ भारतीय क्रिकेट फैंस में ही नहीं है, बल्कि आयरलैंड क्रिकेट टीम और वहां के फैंस भी इस बल्लेबाज का करिश्मा देखने का इंतजार कर रहे हैं।
आयरलैंड के कप्तान लोर्कन टकर ने मैच से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में वैभव सूर्यवंशी को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की। उन्होंने कहा, "भारतीय टीम में एक 15 साल का खिलाड़ी होना उनके लिए बहुत अविश्वसनीय है। वैभव सूर्यवंशी को लेकर बहुत हाइप है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि खेल के इस पेशेवर दौर में ऐसा मुमकिन होगा, खासकर पेशेवर क्रिकेट में जितनी मेहनत लगती है और खिलाड़ियों का स्तर काफी ऊंचा है। ऐसे में उसे श्रेय जाता है - वह एक बहुत खास खिलाड़ी है। यह उसके लिए एक बड़ा पल होगा। मैंने पहले कहा था कि हमारे लिए उस पार्टी को बिगाड़ना और उस गेम में असर डालना बहुत अच्छा होगा।"