भारत के खिलाफ टी20 सीरीज का पहला मैच 7 विकेट से गंवाने के बाद जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने अपनी टीम की बल्लेबाजी पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि यह 'मानकों के अनुरूप नहीं' था और मैच के पहले हाफ की शुरुआत में नमी के कारण बल्लेबाजी करना बहुत मुश्किल हो गया था।
गुरुवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 32 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद टीम ने स्कोर 125/7 तक पहुंचाया। भारत ने इस लक्ष्य को 40 गेंदें शेष रहते हुए हासिल कर लिया।
सिकंदर रजा ने मैच के बाद कहा, "यह फिर से मानकों के अनुरूप नहीं था। सुबह के समय नमी ने निश्चित रूप से भूमिका निभाई, लेकिन मुझे नहीं लगा था कि यह इतनी देर तक असर डालेगी। नई गेंद के साथ खेलना मुश्किल रहा। दुर्भाग्य से, हमने शुरुआत में ज्यादा बाउंड्री भी नहीं लगाईं, इसलिए गेंद नई बनी रही और इसी वजह से मुझे लगा कि पिच से गेंद की मूवमेंट ने बैटिंग को और भी मुश्किल बना दिया।"