भारत के पूर्व क्रिकेटर अभिषेक नायर का मानना है कि लगातार दो सीरीज हारने के बाद टी20 कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर के भविष्य पर सवाल उठाना गलत होगा। उन्होंने कहा कि नए कप्तान को अपनी सोच के हिसाब से टीम को तैयार करने की आजादी मिलनी चाहिए।
बतौर टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर के कार्यकाल की शुरुआत बेहद निराशाजनक हुई है। अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम को पहली बार आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से टी20 सीरीज गंवानी पड़ी। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ भी टीम का प्रदर्शन खराब रहा और इंग्लैंड ने पांच मैचों की सीरीज को 4-0 से अपने नाम किया। पांचवें टी20 में मिली हार के साथ ही भारत की आईसीसी टी20 इंटरनेशनल में जारी बादशाहत भी खत्म हो गई।
हालांकि, नायर का मानना है कि ये दो सीरीज अय्यर को यह सोचने का मौका देंगी कि वह टीम को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं और उन्हें अपने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ से क्या चाहिए। नायर ने 'जियो हॉटस्टार' से बात करते हुए कहा, "जब आप किसी को एक चैंपियन टीम की कमान सौंपते हैं, तो आप उन्हें अपनी टीम चुनने की आजादी भी देना चाहते हैं। जब आप पहली बार कप्तान बनते हैं, तो आपको यह कहने की आजादी नहीं मिलती है कि मैं टीम को इस दिशा में ले जाना चाहता हूं। आप पहले टीम को संभालते हैं और फिर देखते हैं कि आपको इसके साथ क्या करना है।"