ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने कहा कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ उनकी नाबाद पारी का सबसे बड़ा आधार मैच की परिस्थितियों को सही ढंग से समझना और सकारात्मक मानसिकता बनाए रखना था। उन्होंने किंग्समीड में पहले टेस्ट के शुरुआती दिन टॉप-ऑर्डर के लड़खड़ाने के बाद टीम को संभालने में मदद की।
रेनशॉ 46 रन पर नाबाद रहे और कप्तान पैट कमिंस (नाबाद 33 रन) के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलिया को पहले दिन का खेल खत्म होने तक 187 रनों तक पहुंचाने में सफल रहे। खराब रोशनी और बारिश के चलते टेस्ट के पहले दिन सिर्फ 65.2 ओवर का खेल ही हो सका। साउथ अफ्रीका ने मेहमान टीम का स्कोर 124/6 कर दिया था, जिसके बाद रेनशॉ ने कप्तान पैट कमिंस के साथ 63 रन की अटूट साझेदारी की।
'क्रिकइंफो' के अनुसार, रेनशॉ ने कहा, "यह बस हालात के हिसाब से खेलने की बात थी। मैं हमेशा स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों के खिलाफ अच्छी सोच के साथ खेलने की बात करता हूं, और इससे मेरा शरीर वैसे ही हरकत करता है जैसा मैं चाहता हूं।" बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा कि वनडे क्रिकेट में मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने के अनुभव ने उन्हें टेस्ट टीम में इस भूमिका के लिए तैयार होने में मदद की, जिससे वे मैच के अलग-अलग हालात के हिसाब से खुद को ढाल सके।