West Indies: भारत ने रविवार को होल्कर स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में वेस्टइंडीज को 14 रनों से हराया। अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट लेते हुए भारत को पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 की बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
मैच के बाद अर्शदीप ने कहा कि डेथ ओवर्स में रिवर्स स्विंग के साथ गेंदबाजी करना हमेशा मजेदार होता है। तीसरे टी20 में 44 रन देकर 3 विकेट लेने के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए अर्शदीप ने दूसरे ओवर में शानदार फॉर्म में चल रहे शाई होप को बोल्ड करके भारत को शुरुआती सफलता दिलाई। वहीं, दूसरे टी20 में शानदार पारी खेलने वाले शेरफेन रदरफोर्ड को 32 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा। अर्शदीप ने रदरफोर्ड को क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने कीमो पॉल का भी विकेट झटका।
मैच के बाद ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए अर्शदीप ने कहा, "यह बहुत अच्छा अनुभव था, गेंद थोड़ी रिवर्स हो रही थी और डेथ ओवर्स में रिवर्स स्विंग के साथ गेंदबाजी करने में हमेशा मजा आता है।" जब उनसे पूछा गया कि टीम ऐसे दिनों से कैसे निपटती है जब उन्हें कोई विकेट नहीं मिलता, तो अर्शदीप ने कहा, "टीम में लीडर या सीनियर जैसा कुछ नहीं है। माहौल बहुत अच्छा और तनाव-मुक्त रहता है और जब भी किसी का दिन खराब होता है, तो हम उसका हौसला बढ़ाते हैं और कहते हैं कि कोई बात नहीं।"