16 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया के लिए पहली बार खेलने के लगभग दो दशक बाद भी बेहतरीन ऑलराउंडर एलिसा पेरी का कहना है कि वह आज भी हर दिन खुद को पिछले दिन की तुलना में एक बेहतर खिलाड़ी बनाने की कोशिश करती हैं।
35 वर्षीय पेरी अब अपने प्रोफेशनल क्रिकेट करियर के 20वें सीजन में हैं। उन्होंने इस सीजन की शुरुआत 58 रनों की पारी के साथ की। महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) के ओपनिंग मैच में एलन बॉर्डर फील्ड पर सिडनी सिक्सर्स ने ब्रिसबेन हीट के खिलाफ आखिरी गेंद पर जीत हासिल की, जिसमें एलिसा पेरी की इस पारी ने अहम भूमिका निभाई।
शनिवार को 'क्रिकेट डॉट कॉम एयू' के अनुसार, एलिसा पेरी ने कहा, “मैं बस आज जो हूं, उससे बेहतर बनना चाहती हूं और यह हर दिन एक चुनौती होती है। इसे स्वीकार करने में बहुत मजा आता है और साथ ही आप बहुत कुछ सीखते भी हैं। इसी कारण उम्मीद है कि जब भी मैं खेलना छोड़ूंगी, तो मैं उस खिलाड़ी से कहीं बेहतर बन चुकी होंगी, जो मैं शुरुआत में थी—यह बहुत शानदार होगा।”