शेर-ए-पंजाब टी20 लीग का पहला संस्करण 30 अगस्त से चंडीगढ़ के आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम में शुरू होने वाला है। जालंधर वॉरियर्स के कप्तान प्रभसिमरन सिंह टूर्नामेंट को लेकर उत्साहित हैं। उनका मानना है कि लीग के लिए उनकी टीम अच्छी बनी है और चुनौती के लिए तैयार है।
प्रभसिमरन ने कहा, "मैं शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में जालंधर वॉरियर्स का नेतृत्व करने के लिए बहुत उत्साहित हूं। तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। हमने नीलामी में एक अच्छी टीम चुनी है। सभी खिलाड़ी अभ्यास सत्र में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हर कोई अतिरिक्त मेहनत कर रहा है। हम टूर्नामेंट शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।"
दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ने लीग की अहमियत पर कहा, "यह युवाओं के लिए एक बहुत अच्छा मंच है। उन्हें आईपीएल और भारत के खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलेगा। वे उनके अनुभव से सीख सकते हैं। पेशेवर क्रिकेट की जरूरतों को समझ सकते हैं और अपने खेल को बेहतर बना सकते हैं। अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने से बहुत आत्मविश्वास मिलता है।"