ऑस्ट्रेलियाई कोच जेम्स होप्स और ब्रैड हैडिन ने पंजाब किंग्स का साथ छोड़ दिया है। 'आईएएनएस' को मिली जानकारी के अनुसार, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 में ये दोनों पूर्व खिलाड़ी टीम के साथ नजर नहीं आएंगे।
इससे पहले, टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच सैराज बहुतुले भी फ्रेंचाइजी से अलग हो चुके थे। होप्स, रिकी पोंटिंग की अगुवाई वाली सपोर्ट स्टाफ टीम में तेज गेंदबाजी कोच थे, जबकि हैडिन किंग्स के साथ फील्डिंग कोच थे। दोनों को ऑस्ट्रेलिया में राज्य की टीमों में नौकरी मिल गई है। अब पंजाब किंग्स को अगले सीजन से पहले तीन नए कोच खोजने होंगे, क्योंकि बहुतुले ने भी स्पिन-बॉलिंग कोच का पद छोड़कर गौतम गंभीर के साथ भारतीय टीम में स्पिन कोच के तौर पर काम करना शुरू कर दिया है।
एक आईपीएल सूत्र ने 'आईएएनएस' को बताया, "हां, हैडिन और होप्स पंजाब किंग्स से अलग हो गए हैं। आईपीएल 2026 के बाद, वे ऑस्ट्रेलिया में स्थानीय राज्य टीमों के साथ हेड कोच के तौर पर जुड़ गए। होप्स ने क्वींसलैंड के हेड कोच का पद संभाला है और बिग बैश लीग टीम ब्रिस्बेन हीट में भी यही भूमिका निभाएंगे। वहीं, हैडिन ने न्यू साउथ वेल्स पुरुष टीम के हेड कोच का पद संभाला है और उन्हें बिग बैश लीग में भी कोचिंग की भूमिका मिल सकती है।"