जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने तेज गेंदबाज आकिब नबी को बधाई दी है, जिन्हें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया। अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंजरी से रिकवरी कर रहे हैं, जिसके चलते नबी को दो मुकाबलों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, "मुख्यमंत्री ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने पर क्रिकेटर आकिब नबी को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने (उमर अब्दुल्ला) उनके चयन को जम्मू-कश्मीर के लिए बेहद गर्व की बात और पूरे क्षेत्र के अनगिनत युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बताया। मुख्यमंत्री ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता की शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे इस मौके का पूरा फायदा उठाएंगे और देश का नाम रोशन करेंगे।"
उल्लेखनीय है कि आकिब नबी जम्मू-कश्मीर के ऐसे पहले क्रिकेटर बन गए हैं जिन्हें भारत की टेस्ट टीम के लिए चुना गया है। वह सीनियर टीम (सभी फॉर्मेट में से) में जगह पाने वाले जम्मू-कश्मीर के तीसरे क्रिकेटर भी हैं।