पर्सातुआन क्रिकेट इंडोनेशिया के चेयरमैन अभिराम सिंह यादव के मुताबिक, जिस तरह जापान ने 'एशियन गेम्स 2026' का इस्तेमाल क्रिकेट के लिए माहौल बनाने में किया, वह उभरते देशों के लिए एक अहम 'ब्लूप्रिंट' है। इससे वे बड़े मल्टी-स्पोर्ट इवेंट्स को लंबे समय के विकास के मौकों में बदल सकते हैं।
आईसीसी की चीफ एग्जीक्यूटिव्स कमेटी (सीईसी) में तीन एसोसिएट सदस्यों में से एक अभिराम का यह बयान तब आया, जब भारत ने कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में पुरुषों और महिलाओं के क्रिकेट में अपने गोल्ड मेडल बरकरार रखे। पाकिस्तान ने पुरुषों का सिल्वर और महिलाओं का ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि श्रीलंका ने महिलाओं का सिल्वर और पुरुषों का ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
अभिराम ने रविवार को 'आईएएनएस' से कहा, "भारत को शानदार डबल गोल्ड के लिए और पाकिस्तान व श्रीलंका को मेडल जीतने वाले उनके अभियान के लिए बधाई। यह मुकाबला क्रिकेट के लिए अहम था, लेकिन खेलों के दौरान जो कुछ हुआ, उससे भी कई सबक मिलते हैं। जय शाह लगातार क्रिकेट को और ज्यादा समावेशी बनाने और इसे ज्यादा देशों तक ले जाने की बात करते रहे हैं। तारीफ की बात यह है कि हम उस दृष्टिकोण पर असल में काम होते हुए भी देख रहे हैं।"