T20 World Cup Final: भारतीय टीम जब भी मुश्किल में फंसती है, तो फैंस से लेकर खिलाड़ी तक की जुबान में एक ही नाम आता है। वो नाम है जसप्रीत बुमराह। मैच हाथ से निकल रह होता है, तो हर किसी की निगाहें बुमराह को खोजती हैं। हर कोई बस यही उम्मीद करता है कि बुमराह आएंगे और कुछ चमत्कार कर देंगे। बुमराह के पास कोई अनोखी शक्तियां नहीं हैं, लेकिन उनके प्रदर्शन में इतनी निरंतरता हैं कि वह भारतीय टीम के 'हनुमान' बन गए हैं।
हारी हुई बाजी को कैसे जीत में पलटना है यह हुनर जसप्रीत बुमराह को बखूबी आता है। प्रेशर चाहे कितना भी हो क्यों न हो, लेकिन बुमराह हमेशा शांत ही नजर आते हैं। बुमराह के हाथों में गेंद होती हैं, तो सिर्फ उनका प्रदर्शन शोर मचाता है। अपनी घातक गेंदबाजी से कैसे विपक्षी खेमे में खलबली मचा जाती है यह बुमराह अच्छे से जानते हैं। बुमराह का कद भारतीय टीम में कितना बड़ा है यह बताने की जरूरत नहीं है।
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को फाइनल में 96 रनों से हराते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। खिताबी मुकाबले में फिर बुमराह अपने शानदार प्रदर्शन से छाए रहे। फाइनल जैसे दबाव भरे मुकाबले में बुमराह ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए। यह चार विकेट मिचेल सैंटनर, रचिन रविंद्र, जेम्स नीशम और मैट हेनरी के थे। बुमराह ने न्यूजीलैंड के बैटिंग ऑर्डर की कमर तोड़कर रख दी। हालांकि, बुमराह के लिए यह कोई नई बात नहीं है। बुमराह टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में 4 विकेट चटकाने वाले महज तीसरे गेंदबाज बने।