जावेद अहमद किताब को जम्मू कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) के अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह फैसला जेकेसीए के एपेक्स काउंसिल के सदस्यों ने मिलकर लिया।
एपेक्स काउंसिल के आठ सदस्यों ने जावेद अहमद को पद से हटाने के फैसले का समर्थन किया। हालांकि, उन्हें किस वजह से पद से हटाया गया है इसके बार में कोई जानकारी नहीं दी गई है। जावेद अहमद ने अभी 35 दिन पहले ही अध्यक्ष पद संभाला था। इस फैसले के बाद एक बार फिर जेकेसीए विवादों में आ गया है। जावेद अहमद को पद से हटाने की अधिसूचना जेकेसीए के सचिव ने जारी की।
अधिसूचना में बताया गया है कि मामला अध्यक्ष के आचरण और उनके ही निलंबन से जु़ड़ा होने की वजह से यह प्रस्ताव जावेद अहमद को नहीं भेजा गया था। हालांकि, इस प्रस्ताव को बाकी 9 सदस्यों के पास भेजा गया, उनमें से 8 सदस्यों ने जावेद अहमद को पद से हटाने पर सहमति जताई। वहीं, एक सदस्य ने इस प्रस्ताव का कोई जवाब नहीं दिया। इसी कारण 8-0 के बहुमत से इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए जावेद अहमद को जेकेसीए के अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फैसला लिया गया।