अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह रविवार को विंबलडन फाइनल देखने पहुंचे, जहां उन्होंने दिग्गज अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी जॉन मैकेनरो से मुलाकात की। शाह ने सोशल मीडिया पर मैकेनरो के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए उनकी उपलब्धियों को याद किया।
जय शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "विंबलडन फाइनल के दौरान टेनिस के दिग्गज जॉन मैकेनरो से मिलना सम्मान की बात रही। वे खेल की ऐसी हस्ती हैं जिनके जुनून, व्यक्तित्व और उपलब्धियों ने टेनिस की दुनिया पर गहरी छाप छोड़ी है। खेल के इस सच्चे दिग्गज के साथ कुछ पल बिताना बहुत अच्छा लगा।"
अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी ने 1970 के दशक के उत्तरार्ध और 80 के दशक में एक प्रमुख प्रतियोगी के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। जॉन मैकेनरो ने अपने करियर में 7 एकल ग्रैंड स्लैम खिताब जीते, जिनमें 3 विंबलडन और 4 यूएस ओपन खिताब शामिल हैं। वहीं, 9 युगल स्लैम खिताब (5 विंबलडन और 4 यूएस ओपन) भी उनके नाम रहे।