जमशेदपुर स्टीलर्स ने झारखंड प्रीमियर लीग 2026 के 21वें मुकाबले में धनबाद डायमंड्स को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 31 रनों से हराया। जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में मिली इस जीत के साथ ही जमशेदपुर स्टीलर्स ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है।
जमशेदपुर स्टीलर्स सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बनी है। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जमशेदपुर स्टीलर्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 220 रन लगाए। टीम की ओर से कुमार करन और कप्तान कुमार देवब्रत ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। करन ने 14 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 30 रन बनाए। वहीं, कप्तान देवब्रत 27 गेंदों में 31 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे। अनुराग सेंगर बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह महज 9 रन बनाकर आउट हुए।
रवि शर्मा अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 20 गेंदों में 29 रन बनाने के बाद आउट हुए। वहीं, नितेन रेड्डी ने रिटायर्ड आउट होने से पहले 21 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 34 रन बनाए। अंत के ओवरों में कुनैन कुरैशी ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 31 गेंदों में 68 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए।